मिर्जापुर में पुलिस की गिरफ्त में आया शातिर बदमाश, मुठभेड़ के दौरान पैर में लगी गोली...

ब्रेकिंग ADN न्यूज़:-
उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जिले में अपराध पर नकेल कसते हुए पुलिस ने एक शातिर स्नैचर को मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लग गई, जिसके बाद उसे इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटनास्थल से पुलिस ने अवैध असलहा, कारतूस और लूटा गया आभूषण बरामद किया है।
देहात कोतवाली पुलिस टीम सोमवार तड़के खड़ंजा फॉल मार्ग पर वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक संदिग्ध मोटरसाइकिल सवार युवक को रुकने का इशारा किया गया, लेकिन वह पुलिस को देख कर तेजी से भागने लगा। पुलिस द्वारा की गई घेराबंदी से घबराए बदमाश ने गिरफ्तारी से बचने के लिए सुरक्षाकर्मियों पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक गोली आरोपी के दाहिने पैर में जा लगी।
पुलिस पूछताछ में घायल बदमाश की पहचान धौरोपुर गांव निवासी 23 वर्षीय युवक के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक देसी तमंचा, जिंदा व खोखा कारतूस, साथ ही जेब से पीली धातु का मंगलसूत्र और मौके पर एक लावारिस अपाचे मोटरसाइकिल बरामद की गई है।
प्रारंभिक पूछताछ में यह बात सामने आई है कि आरोपी ने अपने एक अन्य साथी के साथ मिलकर गत 16 अक्टूबर को आरटीओ कार्यालय के पास एक महिला से स्कूटी पर जाते समय मंगलसूत्र और चेन छीनी थी। आरोपी पर पहले से ही देहात कोतवाली और जीआरपी थाने में कई आपराधिक मामले दर्ज हैं और वह कम उम्र में ही अपराध की दुनिया में सक्रिय होकर इलाके में दहशत फैला रहा था। पुलिस इस मामले में उसके फरार साथी की तलाश और आगे की विधिक कार्रवाई में जुटी हुई है।






.jpeg)
.jpeg)
.jpeg)
.jpg)




Comments