मुख्यमंत्री के पूर्व निजी सचिव समेत सात पर करोड़ों की धोखाधड़ी का आरोप........

शहर कोतवाली में हुआ मुकदमा दर्ज, दवा सप्लाई के सरकारी टेंडर दिलाने का दिया झांसा देहरादून। सरकारी दवा टेंडर दिलाने के नाम पर करोड़ों की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। इसके बाद सीएम के पूर्व निजी सचिव सहित सात लोगों पर एफआईआर हुई है। पुलिस में शिकायत दर्ज कराने के लिए स्वयं मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सख्त रवैया अपनाया है। उन्होंने करोड़ों की धोखाधड़ी के मामले में अपने ही पूर्व निजी सचिव समेत सात लोगों पर मुकदमा दर्ज करने के निर्देश दिए। इसके बाद इन सभी पर मुकदमा दर्ज किया गया है। पंजाब के भाजपा नेता ने उत्तराखंड के मुख्यमंत्री के पूर्व निजी सचिव समेत सात लोगों पर धोखाधड़ी का आरोप लगाया है। आरोप है कि पूर्व निजी सचिव ने उन्हें सरकारी टेंडर दिलाने और दवा सप्लाई का काम दिलाने का झांसा दिया था। इन सबके लिए 3.42 करोड़ रुपये से ज्यादा ठग लिए। इसमें पटियाला के कई भाजपा नेता शिकार हुए हैं।
पीड़ित की शिकायत पर सातों आरोपियों के खिलाफ शहर कोतवाली में मुकदमा दर्ज किया गया है। एसपी सिटी ने बताया कि यह ठगी पटियाला जिले के भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष संजीव कुमार और उनके साथियों के साथ हुई है। संजीव ने बताया कि उनकी मुलाकात पिछले साल मुख्यमंत्री कार्यालय में उनके निजी सचिव प्रकाश चंद उपाध्याय से हुई थी। उपाध्याय से उनकी दोस्ती हो गई। इस बीच उपाध्याय ने संजीव से कहा, वह उन्हें कई तरह के सरकारी काम दिला सकते हैं। संजीव ने उनकी बात पर विश्वास कर अपने कारोबारी दोस्तों से संपर्क किया। उनकी कुछ दवा सप्लाई और निर्माण संबंधी फर्म थीं। इसके बाद उपाध्याय ने उनसे विभिन्न कामों के लिए अलग-अलग तिथियों में 3.42 करोड़ रुपये ले लिए।
एसपी सिटी ने बताया, उपाध्याय के साथ उनके साथी सौरभ शर्मा उर्फ सौरभ वत्स निवासी पाम सिटी, उसकी पत्नी नंदिनी, महेश माहरिया, रौनक महारिया, अमित लांबा और शाहरुख खान भी थे। सभी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। हालांकि पिछले दिनों उपाध्याय ने संजीव और उनके साथियों को घर बुलाया। यहां उन्हें 30 लाख रुपये का चेक दिया, जो उनके नौकर शाहरुख के नाम का था। इस चेक को उन्होंने बैंक में जमा किया, लेकिन वह बाउंस हो गया। उपाध्याय ने पीड़ितों के साथ एक और चालबाजी की। जिस दिन उन्हें चेक देने के लिए घर बुलाया, उसी दिन उन पर मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगा दिया। पुलिस ने इस मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया।






.jpeg)
.jpeg)
.jpeg)
.jpg)




Comments