शराब दुकान के सामने युवक पर चाकू से हमला, आरोपी गिरफ्तार...
- ANIS LALA DANI

- 19 minutes ago
- 2 min read

ब्रेकिंग ADN न्यूज़ :-
बेमेतरा :- बेमेतरा जिले के साजा थाना क्षेत्र में शराब दुकान के सामने हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। मोहतरा गांव के एक युवक को गाली-गलौज और विवाद का विरोध करना महंगा पड़ गया। आरोप है कि दो युवकों ने पहले उसके साथ गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और इसके बाद चाकू से हमला कर दिया। हमले में युवक के हाथ और उंगली में चोट आई है। मामले में साजा पुलिस ने 19 वर्षीय आरोपी मनीष उर्फ भीम साहू को गिरफ्तार किया है, जबकि वारदात में एक नाबालिग के शामिल होने की बात भी सामने आई है।
जानकारी के अनुसार, मोहतरा निवासी सुनीत साहू (41) अपने एक दोस्त के साथ शराब खरीदने के लिए साजा आया हुआ था। शाम करीब 5:30 बजे वह शराब दुकान के गेट के पास मौजूद था। इसी दौरान उसने वहां एक युवक को किसी व्यक्ति के पैकेट पर मारते हुए देखा। सुनीत ने युवक को ऐसा करने से मना किया। आरोप है कि इसी बात को लेकर युवक भड़क गया और सुनीत के साथ अश्लील गाली-गलौज करने लगा।
पुलिस के मुताबिक विवाद बढ़ने पर आरोपी ने सुनीत को जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद उसने कमर से चाकू निकालकर सुनीत पर हमला कर दिया। चाकू का वार सुनीत के दाहिने हाथ की कोहनी के पास लगा। इसी दौरान आरोपी के साथ मौजूद मनीष उर्फ भीम साहू ने भी कथित तौर पर सुनीत के साथ गाली-गलौज करते हुए चाकू से हमला किया। हमले से बचने की कोशिश के दौरान सुनीत के दाहिने हाथ की बीच वाली उंगली में चोट आई। अचानक हुई इस घटना से शराब दुकान के आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। वहां मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर विवाद शांत कराने की कोशिश की।
दीवार कूदकर भाग निकले आरोपी-
घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुटने लगी। खुद को घिरता देख दोनों आरोपी शराब दुकान के पीछे की दीवार कूदकर फरार हो गए। घायल सुनीत ने इसके बाद साजा थाने पहुंचकर घटना की शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपियों के खिलाफ धारा 296, 351(3), 115(2), 3(5) बीएनएस तथा धारा 25 और 27 आर्म्स एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की।
आरोपी को हिरासत में लेकर की पूछताछ-
पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू की और मनीष उर्फ भीम साहू को हिरासत में लिया। पुलिस के अनुसार पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपने एक अन्य साथी के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकार की। इसके बाद पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में इस्तेमाल धारदार हथियार सहित अन्य साक्ष्य जब्त किए। गिरफ्तार आरोपी की पहचान मनीष उर्फ भीम साहू (19), पिता पुरन साहू, निवासी भरतपुर वार्ड नंबर 3, साजा के रूप में हुई है। आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद आरोपी को न्यायिक रिमांड के लिए कोर्ट में पेश किया गया। वहीं, इस वारदात में शामिल बताए जा रहे दूसरे आरोपी के नाबालिग होने के कारण उसे किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष पेश किया गया। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।



.jpg)












Comments