कुछ दिन पहले कलेक्टर ने कराया था सील, नर्सिंग होम में महिला मरीज की मौत...

ब्रेकिंग ADN न्यूज़ :-
ग्वालियर- जिस नर्सिंग होम को भिंड जिले के कलेक्टर ने 7 दिन पहले अनियमितताओं के चलते सील किया था, उसी नर्सिंग होम के अंदर चोरी-छिपे मरीजों का उपचार चल रहा था | इस बात का खुलासा उस वक्त हुआ जब इलाज के दौरान एक महिला मरीज की मौत हो गई और उसके परिजनों ने हंगामा कर दिया |
यह मामला भिंड के जिला अस्पताल के पास स्थित मारुति नंदन नर्सिंग होम से जुड़ा हुआ है | 7 दिन पहले भिंड कलेक्टर संजीव श्रीवास्तव इस नर्सिंग होम में अचानक निरीक्षण करने पहुंच गए थे | निरीक्षण के दौरान कलेक्टर को यहां अनियमितता मिली थीं | निरीक्षण के दौरान कलेक्टर को नर्सिंग होम के अंदर डॉक्टर हिमांशु बंसल मिले थे जो जिला चिकित्सालय में पदस्थ हैं | इसके अलावा नर्सिंग होम के अंदर कोई महिला डॉक्टर भी मौजूद नहीं थी |
अनियमितताएं मिलने पर कलेक्टर ने मारुति नंदन नर्सिंग होम को सील कर दिया था | खास बात यह रही कि जिस दरवाजे को सील किया गया था वह तो बंद बना रहा, लेकिन उससे ही सटा हुआ नर्सिंग होम का दूसरा दरवाजा खोलकर नर्सिंग होम के अंदर मरीज का उपचार जारी रहा था | इस बात की भनक जिला प्रशासन को नहीं लगी | यहां तक कि जिला अस्पताल में बैठे स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी भी इस बात से अंजान बने रहे | लेकिन चोरी छिपे नर्सिंग होम संचालित होने का खुलासा सोमवार को हो गया, जब सीता नगर की रहने वाली अनीता भदौरिया नाम की एक महिला को उसके परिजन उपचार के लिए मारुति नंदन नर्सिंग होम में लेकर पहुंचे थे |
अनीता को सर्दी खांसी और बुखार की शिकायत थी और इसी की दवा लेने के लिए अनीता को अस्पताल ले जाया गया था | अनीता के परिजनों का आरोप है कि यहां डॉक्टर हिमांशु बंसल जो की सरकारी अस्पताल में पदस्थ हैं और उनके पिता सुरेश बंसल ने अनीता का उपचार किया | एक साथ तीन-चार इंजेक्शन लगा दिए गए जिससे अनीता की हालत बिगड़ गई |
अनीता की स्थिति देखते हुए उसे तुरंत जिला अस्पताल ले जाने की सलाह डॉक्टर हिमांशु बंसल और सुरेश बंसल ने दे दी | अनीता के परिजन अनीता को लेकर जिला अस्पताल पहुंचे जहां डॉक्टर ने अनीता को मृत घोषित कर दिया | मरीज की मौत के बाद अनीता के परिजनों ने इस बात की शिकायत सिटी कोतवाली में की, जिस पर से सिटी कोतवाली पुलिस ने फिलहाल इस मामले में मर्ग कायम कर लिया है |
इस मामले में सीएमएचओ डॉक्टर शिवराम सिंह का कहना है कि वे इस पूरे मामले की जांच करवा रहे हैं | मृतका का पोस्टमार्टम भी करवाया गया है पोस्टमार्टम के आधार पर जो भी वैधानिक कार्रवाई होगी वह की जाएगी | सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले ले जा रहे हैं | अगर कोई गड़बड़ी पाई गई तो दंडात्मक कार्रवाई भी की जाएगी |






.jpeg)
.jpeg)
.jpeg)
.jpg)




Comments