दानपेटी में डाला 100 करोड़ का चेक, लेकिन खाते में थे मात्र इतने रुपये........

दक्षिण भारत के आंध्र प्रदेश के विशाखापत्तनम में सिंहाचलम पहाड़ी पर स्थित श्री वराहलक्ष्मी नरसिम्हा स्वामी मंदिर में एक भक्त ने भगवान के साथ ही धोखेबाजी कर डाली. दरअसल, भक्त ने मंदिर के दानपात्र में 100 करोड़ रुपये का चेक डाला |
इस चेक को मंदिर प्रशासन की ओर से संबंधित बैंक को भेजा गया तो अकाउंट में जमा राशि को सुनकर अधिकारी आश्चर्यचकित रह गए. भक्त के खाते में मात्र 17 रुपये की राशि थी. इसके बाद इस चेक की फोटो गुरुवार को सोशल मीडिया पर वायरल हो गई. इस चेक पर बोड्डेपल्ली राधाकृष्ण नाम के शख्स के हस्ताक्षर मिले. हालांकि इस चेक पर शख्स ने कोई तारीख नहीं डाली थी. चेक को देखकर पता चलता है कि भगवान के साथ धोखा करने वाले शख्स का अकाउंट विशाखापत्तनम स्थित कोटक महिंद्रा बैंक में है |
विशाखापत्तनम (Visakhapatnam) का श्री वराहलक्ष्मी नरसिम्हा स्वामी मंदिर आंध्र प्रदेश के प्रसिद्ध मंदिरों में से एक है. जब मंदिर प्रशासन के अधिकारियों को दानपात्र में चेक मिला तो वे इसे कार्यकारी अधिकारी के पास ले गए थे. इसको देखकर ही उनको कुछ गड़बड़ी का अहसास हुआ था और उन्होंने अधिकारियों से संबंधित बैंक ब्रांच से यह जांच करने को कहा कि क्या दाता के खाते में वाकई 100 करोड़ रुपये हैं?
बैंक (Bank) अधिकारियों ने मंदिर प्रशासन को अवगत कराया कि जिस व्यक्ति ने चेक जारी किया है, उसके खाते में मात्र 17 रुपये हैं. इस पूरे मामले के सामने आने के बाद अब मंदिर प्रशासन दानपात्र में 100 करोड़ रुपये का चेक देने वाले शख्स का पता लगाने के लिए बैंक की मदद लेने जा रहा है |
सूत्रों का कहना है कि अगर शख्स का मकसद मंदिर अधिकारियों को धोखा देने का था, तो बैंक से उसके खिलाफ चेक बाउंस का मामला शुरू करने की अपील की जा सकती है. वहीं इस मामले के सोशल मीडिया पर आने के बाद से लोग खूब दिलचस्प कमेंट कर मजे ले रहे हैं. कुछ लोगों ने तो यहां तक कह दिया है कि शख्स की इस तरह की हरकत से भगवान कुपित हो सकते हैं. कुछ ने कहा कि उसने अपनी प्रार्थनाओं का उत्तर देने के लिए भगवान को एडवांस दिया होगा |






.jpeg)
.jpeg)
.jpeg)
.jpg)




Comments