ग्वालियर राष्ट्रीय वॉलीबॉल स्पर्धा में भाग लेंगे बसना के 17 युवा खिलाड़ी, विधायक ने दी शुभकामनाएं...

पत्रकार अमृतेश्वर सिंह की कलम से :-
अखिल भारतीय स्तर पर आयोजित होने वाले राष्ट्रीय वॉलीबॉल मुकाबले में भाग लेने के लिए बसना के युवा खिलाड़ी पूरी तरह तैयार हैं। विद्या भारती अखिल भारतीय शिक्षा संस्थान के निर्देशन में होने वाली इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता का आयोजन मध्य प्रदेश के ग्वालियर स्थित केदार धाम में 22 से 26 अक्टूबर तक किया जा रहा है। इस राष्ट्रीय खेल महाकुंभ के लिए सरस्वती शिशु मंदिर उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, बसना के 17 प्रतिभावान विद्यार्थियों का चयन हुआ है।
प्रतियोगिता के लिए रवाना होने से पहले सभी चयनित खिलाड़ियों, खेल प्रशिक्षकों और विद्यालय के प्रतिनिधियों ने स्थानीय विधायक डॉ. संपत अग्रवाल से मुलाकात कर उनका आशीर्वाद लिया। इस अवसर पर विधायक ने सभी खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें अपनी शुभकामनाएं दीं और जीत का मंत्र दिया।

खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करते हुए विधायक ने कहा कि सीमित संसाधनों के बावजूद ग्रामीण अंचल के बच्चों का राष्ट्रीय स्तर पर पहुंचना संपूर्ण क्षेत्र के लिए बड़े गौरव की बात है। खेल अनुशासन, टीम भावना और मानसिक सुदृढ़ता का निर्माण करते हैं। मैदान पर बिना किसी दबाव के शत-प्रतिशत प्रदर्शन करें और पूरे देश में क्षेत्र का नाम रोशन करें।
विद्यालय प्रबंधन और खेल प्रशिक्षकों के योगदान की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि शिक्षकों और आचार्यों के मार्गदर्शन से ही विद्यार्थी शिक्षा के साथ खेल के क्षेत्र में भी नई ऊंचाइयों को छू रहे हैं।
बता दें कि विद्यालय के इन खिलाड़ियों ने इससे पहले आयोजित क्षेत्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन करते हुए राष्ट्रीय मंच तक का सफर तय किया है। चयनित दल में 17 वर्ष आयु वर्ग के तीन बालक खिलाड़ियों के अलावा 14 वर्ष आयु वर्ग से बालक और बालिका दोनों की अलग-अलग टीमें शामिल हैं, जो राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगी। इस मुलाकात के दौरान खिलाड़ियों में गजब का उत्साह देखा गया और सभी ने पूरे आत्मविश्वास के साथ ग्वालियर के लिए प्रस्थान किया।






.jpeg)
.jpeg)
.jpeg)
.jpg)




Comments