’12वीं फेल’ ने बॉक्स ऑफिस पर किया एक खास मुकाम हासिल...
- ANIS LALA DANI
- Nov 30, 2023
- 1 min read

ब्रेकिंग ADN न्यूज़ :-
मुंबई- डायरेक्टर विधु विनोद चोपड़ा और एक्टर विक्रांत मैसी की जोड़ी ने ’12वीं फेल’ फिल्म में कमाल कर दिया। फिल्म बॉक्स ऑफिस पर सफल रही है। खास बात यह है कि टाइगर 3 की कड़ी चुनौती के बावजूद इसने आज भी अपने पैर जमाए हुए हैं। इस बीच 27 अक्टूबर को थिएटर्स में रिलीज हुई ’12वीं फेल’ ने बॉक्स ऑफिस पर एक खास मुकाम हासिल कर लिया है।
शानदार कहानी और कलाकारों की दमदार एक्टिंग के दम पर फिल्म लोगों को पसंद आ रही है। ट्रेड एनालिस्ट तरण आदर्श ने आज बुधवार को ’12वीं फेल’ के टोटल बॉक्स ऑफिस कलेक्शन की ताजा जानकारी शेयर की है। तरण ने बताया कि मंगलवार (28 नवंबर) की कमाई के आंकड़े जोड़ते हुए फिल्म ने 50 करोड़ रुपए कमाई का जादुई आंकड़ा पार कर लिया है।
महज 600 स्क्रीन्स पर रिलीज हुई इस फिल्म के लिए ये आंकड़े काफी अहम हैं। कुल कमाई 50.68 करोड़ रुपए हो गई है। फिल्म ने रिलीज के पहले हफ्ते में 13 करोड़, दूसरे हफ्ते में 14.11 करोड़, तीसरे हफ्ते में 8.54 करोड़, चौथे हफ्ते में 9.48 करोड़ और पांचवें हफ्ते में 5.55 करोड़ रुपए का बिजनेस किया।