google.com, pub-3310156774694367, DIRECT, f08c47fec0942fa0
top of page
WhatsApp Image 2025-09-10 at 15.54_edite
ADN FILMS POSTER

BREAKING ADN NEWS

Agrawal nursing home.webp
WhatsApp Image 2026-09-08 at 12.10.10.jpeg

खुलेआम चाकू लेकर घूमने और गुंडागर्दी करने वाले 10 लोग गिरफ्तार...

1 hour ago
3 min read

ब्रेकिंग ADN न्यूज़ :-

रायपुर :- राजधानी रायपुर में असामाजिक गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए पुलिस ने विशेष अभियान चलाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। रायपुर पुलिस कमिश्नरेट के मध्य जोन क्षेत्र में पिछले दो दिनों में 10 आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की गई है। इनमें सार्वजनिक स्थानों पर धारदार हथियार लेकर घूमने, लोगों को डराने-धमकाने, अवैध वसूली, गुंडागर्दी, न्यायालयीन वारंटी और अवैध शराब रखने के मामले शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, कार्रवाई के दौरान 7 आरोपियों के कब्जे से धारदार चाकू बरामद किए गए हैं। इसके अलावा एक आर्म्स एक्ट के स्थाई वारंटी, एक अवैध शराब मामले और एक गुंडागर्दी के मामले में कार्रवाई की गई है।


















रायपुर पुलिस कमिश्नरेट के मध्य जोन में डीसीपी सेंट्रल जोन तारकेश्वर पटेल के निर्देश पर असामाजिक तत्वों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। एडिशनल डीसीपी विवेक शुक्ला के मार्गदर्शन में पुलिस टीमों ने अलग-अलग थाना क्षेत्रों में कार्रवाई की। पुलिस ने बताया कि अभियान का उद्देश्य सार्वजनिक स्थानों पर भय का माहौल बनाने वाले और अवैध गतिविधियों में शामिल लोगों पर प्रभावी नियंत्रण करना है।


थाना गंज क्षेत्र में पुलिस ने तीन आरोपियों को धारदार हथियार के साथ पकड़ा। पुलिस के मुताबिक, इकबाल शेख (21 वर्ष) को एक्सप्रेस-वे रोड, चुनाभट्ठी के पास चाकू लेकर घूमते हुए पकड़ा गया। वहीं शिवा नायक उर्फ छुरा (19 वर्ष) को पुरानी देशी शराब भट्ठी के पास लोगों को डराते-धमकाते हुए पकड़ा गया। इसके अलावा नितिन हरिजन उर्फ बिड़ी (21 वर्ष) को तेलघानी नाका ओवरब्रिज के नीचे धारदार चाकू के साथ पकड़ा गया। तीनों आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धाराओं में कार्रवाई की गई है।


थाना मौदहापारा क्षेत्र में भी पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की। फिरोज खान (33 वर्ष) को मेकाहारा अस्पताल स्लम क्षेत्र के पास स्टील के धारदार चाकू के साथ पकड़ा गया। देवराम बघेल (25 वर्ष) को मरही माता मंदिर रोड, लक्ष्मी मेडिकल के सामने हथियार के साथ पकड़ा गया। दोनों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया। इसी कार्रवाई में मयंक सोनी (19 वर्ष) और एक विधि से संघर्षरत बालक को बॉम्बे मार्केट क्षेत्र से चाकू के साथ पकड़ा गया। पुलिस के अनुसार, नाबालिग का पूर्व में भी आपराधिक रिकॉर्ड रहा है और उसे नियमानुसार बाल न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है।


अभियान के दौरान आर्म्स एक्ट के मामले में फरार चल रहे स्थाई वारंटी मोहम्मद मोहसिन अली (19 वर्ष), निवासी पंडरी को भी गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ न्यायालयीन कार्रवाई लंबित थी।


थाना गोलबाजार क्षेत्र में ऋषभ रक्सेल के खिलाफ गुंडागर्दी और अवैध वसूली के प्रयास का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी पर डीकेएस अस्पताल ऑटो स्टैंड के पास शराब पीने के लिए पैसे मांगने, पैसे नहीं देने पर धमकी देने और मारपीट करने का आरोप है। वहीं थाना सिटी कोतवाली पुलिस ने अवैध शराब रखने के मामले में छगन मरावी (45 वर्ष) को गिरफ्तार किया। आरोपी के कब्जे से सिंडिकेट व्हिस्की के 30 पाव बरामद किए गए, जिसकी कुल मात्रा 5 लीटर 400 मिलीलीटर और कीमत करीब 3,600 रुपये बताई गई है। आरोपी के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।


मध्य जोन पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक स्थानों पर हथियार लेकर घूमने, आम लोगों को डराने-धमकाने, गुंडागर्दी, अवैध वसूली, वारंटियों और अवैध शराब से जुड़े मामलों में लगातार कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस का कहना है कि शहर में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए असामाजिक तत्वों पर नजर रखी जा रही है और ऐसे लोगों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे।

Comments


© 2018 by Anis lala dani. Proudly created with breakingadnnews.com

  • Subscribe Channale
bottom of page
naver-site-verification: navere8d42c0359e3e135363406d5b6093c27.html